जमशेदपुर में भाजपा की ‘सेवा ज्योति यात्रा’, विकसित भारत का लिया संकल्प
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। भाजपा की ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत बुधवार को साकची स्थित बौद्धि टेम्पल मैदान में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ आयोजित की गई। सभा में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा दास साहू समेत सैकड़ों कार्यकर्ता व समर्थक शामिल हुए।

इस दौरान एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के संबोधन का प्रसारण किया गया। रघुवर दास ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में हो रहे बदलावों का उल्लेख करते हुए विकसित भारत के लक्ष्य के लिए जनभागीदारी को जरूरी बताया। वहीं सांसद विद्युत वरण महतो ने केंद्र सरकार की विकास योजनाओं और आधारभूत संरचना के विस्तार को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा की ओर से मशाल यात्रा भी निकाली गई। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विकास, राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के संकल्प के साथ विकसित भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

