बागबेड़ा वॉयरलैस मैदान के नामकरण को लेकर भाजपा–झामुमो आमने-सामने
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बागबेड़ा स्थित वॉयरलैस मैदान के नामकरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) आमने-सामने आ गए हैं। भाजपा ने मैदान का नामकरण पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर करते हुए इसे “अटल बिहारी वाजपेयी उद्यान” घोषित किया, जबकि झामुमो ने इसका कड़ा विरोध दर्ज किया है।

भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने कहा कि यह जमीन रेलवे की है और हाल ही में संसद में रेलवे बोर्ड में इसकी घेराबंदी और उद्यान निर्माण की बात उठाई गई थी। इसके बाद मैदान का नाम अटल बिहारी वाजपेयी उद्यान रखा गया।

वहीं दूसरी ओर झामुमो का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को उपायुक्त को मांग पत्र सौंपकर उद्यान का नाम “स्वर्गीय शिबू सोरेन उद्यान” रखने की मांग की। झामुमो नेताओं का कहना है कि पूर्व की बैठक में इस नाम पर सहमति बनी थी और आज कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।

झामुमो युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष महावीर मुर्मू ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि रात के अंधेरे में अटल बिहारी वाजपेयी का बोर्ड लगाकर भाजपा ने स्वर्गीय शिबू सोरेन का अपमान किया है, जिसका पार्टी कड़ा विरोध करती है।

इस मुद्दे पर अब दोनों दलों के बीच सीधा टकराव हो गया है और विवाद गहराता जा रहा है।

