सिवान में तिहरी हत्या से सनसनी: पुरानी रंजिश में तलवार से काटकर तीन की हत्या, दो गंभीर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बिहार के सिवान जिले में शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मलमलिया थाना क्षेत्र के कौड़िया पुल के पास आपसी वर्चस्व और पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें तीन लोगों की बेरहमी से तलवार से काटकर हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
मृतकों की पहचान मुन्ना सिंह, कन्हैया कुमार और रोहित कुमार के रूप में हुई है। घायलों को सिवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
सिवान एसपी मनोज कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला जमीन या व्यवसायिक वर्चस्व से जुड़ी पुरानी रंजिश का प्रतीत होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटनास्थल से किसी प्रकार की गोलीबारी के सबूत नहीं मिले हैं, तीनों की हत्या धारदार हथियार (तलवार) से की गई है।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार किया जाएगा।
इस नृशंस वारदात ने जिले में सनसनी फैला दी है और लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है।

