सिदगोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 275 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ आरोपी गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले की सिदगोड़ा थाना पुलिस को नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मोहम्मद शाहिद नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 275 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई है। बरामद मादक पदार्थ की बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
मामले की जानकारी देते हुए एएसपी ऋषभ त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर मोहम्मद शाहिद को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 275 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। मोहम्मद शाहिद के खिलाफ पूर्व से ही विभिन्न थानों में पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ब्राउन शुगर किससे मंगाता था और इसकी आपूर्ति किन-किन इलाकों में की जाती थी। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का मानना है कि पूछताछ में नशे के इस नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जमशेदपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

