फ्लैग: सरयू राय ने किया बेल्डीह तालाब का निरीक्षण
तालाब में बाहर से पानी आ रहा, शैवाल ऑक्सीजन सोख रहे:सरयू राय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने शनिवार को बेल्डीह तालाब का निरीक्षण किया। हाल ही में ऑक्सीजन की कमी से मछलियों की मौत के बाद उन्होंने तालाब की स्थिति पर गंभीर चिंता जताई।
उन्होंने कहा कि तालाब में बाहरी स्रोत से पानी आ रहा है, जिसकी गुणवत्ता संदिग्ध है और इसकी जांच प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को करनी चाहिए। तालाब में तेजी से बढ़ रहे शैवाल और जलीय घास ऑक्सीजन सोख रहे हैं, जिससे जलीय जीवन पर खतरा बढ़ रहा है।
सरयू राय ने बताया कि लंबे समय से तालाब की सफाई नहीं हुई है और तलछट में गंदगी जमा है, जिससे बदबू भी आ रही है। उन्होंने टाटा स्टील प्रबंधन से तालाब की नियमित सफाई, स्वच्छ पानी की आपूर्ति और फव्वारों को दिन में कम से कम दो बार चलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने यह भी कहा कि केवल तापमान में बदलाव को ऑक्सीजन की कमी का कारण बताना पर्याप्त नहीं है। तालाब में मछलियों के अलावा कई अन्य जलीय जीव भी हैं, जिनके संरक्षण पर भी ध्यान देना जरूरी है।

