कड़ी सुरक्षा के बीच मतपेटिकाएं रिसीविंग सेंटर में जमा, प्रशासनिक निगरानी में पूरी प्रक्रिया संपन्न
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न होने के उपरांत तीनों नगर निकायों के मतदान दल कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतपेटिकाओं को गोलमुरी-सह-जुगसलाई प्रखंड परिसर स्थित रिसीविंग सेंटर में सुरक्षित रूप से जमा करा रहे हैं।
मतदान समाप्ति के बाद सभी मतदान दल निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार सुरक्षा बलों की निगरानी में रिसीविंग सेंटर पहुंचे। यहां मतपेटिकाओं को विधिवत प्राप्त कर सुरक्षित स्ट्रांग रूम में रखा जा रहा है। पूरी प्रक्रिया प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े वरीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न की जा रही है।
रिसीविंग सेंटर पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रवेश और निकास द्वार पर सघन जांच की व्यवस्था की गई है तथा केवल अधिकृत कर्मियों को ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतपेटिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है और मतगणना निर्धारित तिथि को कड़ी निगरानी में कराई जाएगी।

