बस में गांजा लेकर आ रहे तस्कर को बहरागोड़ा पुलिस ने दबोचा
20 किलो गांजा बरामद, खड़गपुर से घाटशिला ले जा रहा था आरोपी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बहरागोड़ा: गुप्त सूचना पर बहरागोड़ा थाना पुलिस ने शनिवार को बस स्टैंड पर छापामारी कर एक व्यक्ति को 20.050 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, खड़गपुर की ओर से बस में गांजा लेकर आने की सूचना पर अंचलाधिकारी बहरागोड़ा के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। छापामारी के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को बोरा लिये देखा जो पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान दिपेन्दर सोमानी के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से 20.050 किलोग्राम गांजा, एक रेडमी मोबाइल फोन, और 540 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में उसने बताया कि वह यह गांजा खड़गपुर निवासी दिवाकर दुबे से लेकर घाटशिला के सुनील नामक व्यक्ति को देने जा रहा था।
पुलिस ने गांजा, मोबाइल और नकदी को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

