*कमजोर पुलिसिंग पर उठे सवाल*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
चौका थाना क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस ने पुलिसिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बानसा स्थित एक शराब दुकान में बुधवार रात तीन नकाबपोश अपराधियों ने कथित रूप से लूट का प्रयास किया। हथियारबंद अपराधियों के दुकान तक पहुंचने और कर्मचारी को धमकाने की घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
दुकानदार धीरज कुमार सिंह के अनुसार, रात करीब 11 बजे से पहले तीन अज्ञात अपराधी दुकान पर पहुंचे और गेट खोलने को कहा। गेट नहीं खोलने पर उन्होंने धारदार हथियार से वार करने का प्रयास किया। दुकान कर्मचारी ने साहस दिखाते हुए उनका विरोध किया, जिसके बाद तीनों अपराधी मौके से भाग निकले।
घटना में लूट सफल नहीं हो सकी, लेकिन पुलिस के लिए यह गंभीर चुनौती है। स्थानीय लोगों का सवाल है कि यदि अपराधियों का मनोबल इसी तरह बढ़ता रहा तो बाजार एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। चौका थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

