जमशेदपुर में बच्चों पर हमला, कब्रिस्तान में पिटाई से दो नाबालिग गंभीर
बॉल लेने गए थे बच्चे, एक आरोपी गिरफ्तार; इलाके में तनाव
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह कब्रिस्तान में तीन नाबालिग बच्चों के साथ मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। बताया गया कि बच्चे खेलते-खेलते कब्रिस्तान में गई बॉल लेने पहुंचे थे, तभी वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें बेरहमी से पीट दिया।
हमले में दो बच्चों की हालत गंभीर हो गई, जिन्हें इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है, जबकि एक अन्य बच्चा मामूली रूप से घायल है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और मौके पर भीड़ जुट गई।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल पुलिस बल तैनात कर इलाके को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और लोग बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।


