चुनाव खत्म होते ही एक्शन मोड में प्रशासन, शहर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर कृष्ण कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई—200 से अधिक हॉकर्स हटाए गए
बिल्डिंग डिविएशन पर नोटिस, ₹27,500 जुर्माना वसूला
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।चुनाव के बाद शहर में प्रशासनिक सख्ती बढ़ा दी गई है। डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर श्री कृष्ण कुमार के नेतृत्व में गुरुवार को साकची एवं आसपास के प्रमुख मार्गों—स्ट्रेट माइल रोड, आम बागान रोड और ठाकुरबाड़ी रोड—में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
इसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ाना, यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करना और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराना था।
अभियान के दौरान एन्फोर्समेंट टीम ने सड़क एवं फुटपाथ पर कब्जा जमाए 200 से अधिक हॉकर्स और फेरीवालों को हटाया। कई दुकानों द्वारा किए गए बिल्डिंग डिविएशन की पहचान की गई, जिन पर नोटिस जारी किए गए। टीम ने मौके पर ही ₹27,500 का जुर्माना वसूला।
अभियान के दौरान अवैध होर्डिंग, अस्थायी स्टॉल और सड़क बाधित करने वाले ढाँचों को भी हटाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर की मुख्य सड़कों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगामी दिनों में ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर ने कहा कि यह अभियान जनता की सुविधा और शहरी व्यवस्था सुधारने के लिए है। उन्होंने व्यापारियों और राहगीरों से सहयोग की अपील की।

