देसी कट्टा और कारतूस के साथ अनुप बंगाली गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना पुलिस ने आपराधिक इतिहास रखने वाले अनुप चक्रवर्ती उर्फ अनुप बंगाली को देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर की रात सूचना मिली थी कि अनुप चक्रवर्ती बागबेड़ा मैदान में सहयोगियों के साथ किसी आपराधिक घटना की तैयारी में है। इसके बाद डीएसपी विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर घेराबंदी की गई और उसे पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके पास से एक लोहे का देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ जमशेदपुर के विभिन्न थानों, रेलवे और पश्चिम बंगाल में कुल 17 पुराने मामले दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं के मामले शामिल हैं। आरोपी की उम्र करीब 42 वर्ष बताई गई है और उसका वर्तमान पता पश्चिम बंगाल के फुलिया थाना क्षेत्र का है।

