राजनगर स्थित खोकरो में फिर सड़क दुर्घटना, घर को तोड़ भीतर घुसा मालवाहक वाहन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
अमन ओझा सरायकेला खरसावां जिला के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत खोकरो मोड के समीप गुरुवार कि अहले सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सुबह लगभग करीब 5:00 बजे एक भारी मालवाहक वाहन अचानक और नियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक घर में जा घुसा। तेज रफ्तार के कारण वह सीधे दीवार से टकरा गया, जिससे घर के कई हिस्सों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। हादसे के वक्त परिवार के सदस्य गहरी नींद में थे, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रही। बताते चलें की घटना के वक्त धमाके जैसी जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त घर के पास राहत कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने बताया कि खोकरो मोड क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लगातार बढ़ते ट्रैफिक के कारण दुर्घटनाओं की घटना आम हो चुकी है। उन्होंने बताया कि बीते कुछ महीनो में यहां कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा सुरक्षा उपायों को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। स्थानीय निवासियों ने पुनः मांग की है कि क्षेत्र में अविलम स्पीड ब्रेकर बनाया जाए, चेतावनी संकेतक लगाया जाए और रात के समय भारी वाहनों के आवागमन पर नियंत्रण किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने लोगों में डर और असुरक्षा की भावना बढ़ा दी है। इधर सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में ले लिया। फिलहाल पुलिस वाहन चालक से पूछताछ कर रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

