खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, सूजी-मैदा के नमूने जांच को भेजे
*औद्योगिक रंगों पर चेतावनी, गड़बड़ी मिलने पर होगी कार्रवाई*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को आदित्यपुर के एस-टाइप क्षेत्र, सरायकेला के थोक बाजार और ओम सुपर मार्केट में जांच अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी रितेश कुमार और विशाल कुमार सिंह ने सूजी, मैदा समेत कई खाद्य उत्पादों के नमूने लेकर जांच के लिए नामकुम स्थित राजकीय प्रयोगशाला भेजे।
जांच के दौरान दुकानदारों को साफ-सफाई, सुरक्षित भंडारण और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। खाद्य उत्पादों पर लाइसेंस-पंजीकरण संख्या तथा निर्माण और समाप्ति तिथि अंकित रखना अनिवार्य बताया गया।
अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों में औद्योगिक रंगों के इस्तेमाल पर सख्त चेतावनी दी। केवल एफएसएसएआई से अनुमत रंगों का निर्धारित मात्रा में उपयोग करने और प्रयुक्त तेल को बार-बार इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी गई। तेल में झाग, धुआं या असामान्य रंग-गंध आने पर उसका उपयोग बंद करने को कहा गया।
विभाग ने स्पष्ट किया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट और नियमों के उल्लंघन के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

