डीसी-एसपी ने पूजा में “सुरक्षा” को फुल प्रूफ के लिए दिए निर्देश
*पंडालों और चौक-चौराहों पर निगरानी, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, आदित्यपुर
दुर्गापूजा में विधि-व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने को लेकर शुक्रवार को आदित्यपुर स्थित ऑटो क्लस्टर सभागार में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग हुई। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वंगियारी ने अधिकारियों को सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया।
डीसी ने पूजा पंडालों, प्रमुख स्थलों और चौक-चौराहों पर नियमित निगरानी रखने तथा भीड़ और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा। एसपी ने निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग कराने और किसी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
सुरक्षा के लिए सीसीटीवी, वीडियोग्राफी और सोशल मीडिया के माध्यम से निगरानी की जा रही है। अनुमंडल स्तरीय नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है। अधिकारियों ने अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर नियमानुसार कार्रवाई की बात कही।
प्रशासन ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, अपुष्ट सूचनाएं साझा नहीं करने और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की।ब्रीफिंग में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, परियोजना निदेशक आईटीडीए उषा मुंडू, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त एजाज अनवर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

