लायंस क्लब भारत की अध्यक्ष बनीं अंजुला सिंह लायंस क्लब भारत का पाँचवाँ इंस्टॉलेशन समारोह ट्यूब मेकर्स क्लब में संपन्न
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। लायंस क्लब ऑफ जमशेदपुर भारत का पाँचवाँ इंस्टॉलेशन समारोह मंगलवार को ट्यूब मेकर्स क्लब में भव्यता से आयोजित हुआ। इस अवसर पर अंजुला सिंह ने क्लब की नई अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला। साथ ही आयुष्मान सिंह को सचिव और सौरव आनंद को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एम.जे.एफ. लायन संजय कुमार, विशिष्ट अतिथि संजय मिश्रा (सीनियर एडिटर, प्रभात खबर), लायंस क्लब की फर्स्ट वी.डी.जी. शुभ्रा मजूमदार, पी.डी.जी. राजीव रंजन समेत अन्य गणमान्य लोगों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इंस्टॉलेशन ऑफिसर की भूमिका निभाते हुए पी.डी.जी. राजीव रंजन ने नई टीम को शपथ दिलाई। नव-निर्वाचित अध्यक्ष अंजुला सिंह ने अपने संबोधन में क्लब की सामाजिक सेवाओं को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर डी.जी. संजय कुमार, शुभ्रा मजूमदार और अन्य अतिथियों ने क्लब की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। विशिष्ट अतिथि संजय मिश्रा ने पूर्व अध्यक्ष भरत सिंह के सामाजिक, शैक्षणिक व सांस्कृतिक योगदान की प्रशंसा की। समारोह में लायंस क्लब के पदाधिकारियों समेत बड़ी संख्या में सदस्य और गणमान्य लोग मौजूद रहे।


