घाटशिला में डीलर की आत्महत्या से झारखंड में आक्रोश, बकाया कमीशन भुगतान की उठी मांग
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: पूर्वी सिंहभूम जिला के घाटशिला प्रखंड में फेयर प्राइस शॉप डीलर मृणाल कांति रजक ने आर्थिक तंगी, कर्ज और मानसिक दबाव से परेशान होकर जंगल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि पिछले 10 महीनों से कमीशन का भुगतान नहीं होने के कारण उनकी पारिवारिक और आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय हो गई थी। आत्महत्या से पहले लिखे गए सुसाइड नोट में उन्होंने लाखों रुपये बकाया कमीशन का जिक्र किया है, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
इस घटना पर फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष मोहन प्रसाद और मीडिया प्रभारी देव कुमार साव ने संयुक्त बयान जारी कर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने इसे सरकार की बेरुखी का परिणाम बताते हुए कहा कि राज्य के कई डीलर लंबे समय से आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
घटना के बाद पूरे झारखंड के डीलरों में भारी आक्रोश है। एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री के नाम सभी जिलों में उपायुक्तों के माध्यम से मांग पत्र सौंपने का निर्णय लिया है। जामताड़ा में जिला स्तरीय बैठक बुलाकर आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी तथा उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर लंबित कमीशन भुगतान की मांग उठाई जाएगी। मौके पर मौजूद डीलरों ने भी घटना पर गहरा दुख जताया।

