महाराणा प्रताप जयंती 9 मई को धूमधाम से मनाएगा झारखंड क्षत्रिय युवा संघ
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड क्षत्रिय युवा संघ की ओर से गुरुवार को होटल दयाल इंटरनेशनल में प्रेस वार्ता आयोजित कर आगामी 9 मई को महाराणा प्रताप की 487वीं जयंती धूमधाम से मनाने की जानकारी दी गई। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि मरीन ड्राइव स्थित महाराणा प्रताप चौक पर पांच पुरोहितों के शंखनाद के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी, जिसके बाद हजारों लोग महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।
कार्यक्रम में झारखंड क्षत्रिय संघ, युवा संघ और महिला संघ की 27 इकाइयों के सदस्य भगवा ध्वज के साथ शामिल होंगे। इस दौरान संगोष्ठी का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें शिक्षाविद और इतिहासकार महाराणा प्रताप के जीवन और राष्ट्र रक्षा में उनके योगदान पर प्रकाश डालेंगे।
संघ की ओर से शहरवासियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों को कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है। साथ ही गर्मी को देखते हुए शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर मीठे पेय पदार्थों के सेवा शिविर भी लगाए जाएंगे।

