सियासी हलचल के बीच आजसू ने संभाला संगठन
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में जारी राजनीतिक हलचल के बीच आजसू पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी के जिला मुख्य संयोजक सह केंद्रीय सचिव सत्य नारायण महतो की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में चारों प्रखंडों में बीएलओ-2 गठन के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।
प्रेस विज्ञप्ति में नीमडीह प्रखंड के लिए भोला नाथ महतो, श्रवण महतो और सुनील माझी, ईचागढ़ प्रखंड के लिए तपन उरांव, मनोरंजन महतो, गोपाल राय महतो, कुंदा प्रसाद गोप सहित अन्य नाम शामिल हैं। वहीं कुकड़ू प्रखंड में अशोक साव और कृष्णा जजवार तथा चांडिल प्रखंड में चंदन वर्मा, कार्तिक कालिंदी, घनश्याम प्रसाद, कमल महतो और राजेंद्र गोप को जिम्मेदारी दिए जाने की जानकारी दी गई है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में ईचागढ़ में आजसू की आंतरिक राजनीति को लेकर गतिविधियां तेज रही हैं। पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं ईचागढ़ के पूर्व प्रत्याशी हरेलाल महतो के इस्तीफे और कुछ स्थानीय पदाधिकारियों के अलग होने के बाद संगठनात्मक स्तर पर यह नई कवायद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच आजसू की यह पहल क्षेत्र में पार्टी की जमीनी सक्रियता बनाए रखने की कोशिश के रूप में देखी जा रही है।

