राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा: जादूगोड़ा थाना क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में विकास योजनाओं के नाम पर कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग ग्राम प्रधान और टोला प्रधान के नाम से कथित रूप से नकली पत्र और फर्जी दस्तावेज तैयार कर सड़क, नाली, आवास समेत अन्य योजनाओं की स्वीकृति हासिल कर रहे हैं।
मंगलवार को मोर्चा के जिला महासचिव बिमल महतो, बिलटू हांसदा, शंकर भकत सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की। ज्ञापन में दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई, कथित रूप से गलत तरीके से स्वीकृत योजनाओं की जांच, भविष्य में सत्यापित दस्तावेजों के आधार पर ही योजनाओं की मंजूरी तथा ग्राम सभाओं के माध्यम से लोगों को जागरूक करने की मांग की गई है।
मोर्चा नेताओं का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो पंचायत योजनाओं में अनियमितता बढ़ेगी और सरकारी राशि के दुरुपयोग की आशंका रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि असली ग्राम प्रधानों और पंचायत प्रतिनिधियों की जानकारी के बिना योजनाओं को स्वीकृत कराया जा रहा है।
उधर, उपायुक्त कार्यालय ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। फिलहाल आरोपों की प्रशासनिक जांच होना बाकी है और जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

