डीप बोरिंग घोटाले का आरोप: साक्ष्य मिटाने की कोशिश, उच्चस्तरीय जांच की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में डीप बोरिंग से जुड़े कथित घोटाले को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। बालीगुमा सुखना बस्ती में वार्ड पार्षद राजेश सिंह द्वारा उठाए गए मुद्दे के बाद अब साक्ष्य मिटाने के आरोप भी सामने आए हैं। आरोप है कि मामले के उजागर होते ही नगर निगम और संबंधित पक्षों ने आनन-फानन में शिलापट्ट और चबूतरे को हटाने का प्रयास किया और फिर दूसरी जगह पर दोबारा काम शुरू कर दिया गया।

स्थानीय लोगों की शिकायत पर दोबारा निरीक्षण करने पहुंचे पार्षद ने पाया कि पहले लगाए गए शिलापट्ट गायब थे और निर्माण स्थल में बदलाव किया गया था। इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए विकास सिंह ने इसे गंभीर घोटाला बताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे मामले में प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता हो सकती है और कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और जांच की मांग तेज हो गई है।

