राष्ट्र संवाद संवाददाता
जामताड़ा: जिले के सभी प्रखंडों में 20 अप्रैल से 20 मई 2026 तक कृषि ऋण सशक्तिकरण (किसान क्रेडिट कार्ड) अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य किसानों को कृषि ऋण योजनाओं के प्रति जागरूक करना और अधिक से अधिक किसानों को केसीसी से जोड़ना है।
जिला प्रशासन के निर्देशानुसार प्रखंडवार कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, जहां किसानों को केसीसी ऋण, ऋण माफी योजना, तथा 0 प्रतिशत प्रभावी ब्याज की जानकारी दी जा रही है। साथ ही पशुपालन एवं मत्स्य पालन के लिए भी ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक किसान बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ सकें।
अभियान के सफल संचालन के लिए कृषि विभाग, बैंकिंग संस्थानों और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। कैंप में पर्याप्त बैंक कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर किसानों को मौके पर ही ऋण स्वीकृति देने पर विशेष जोर है।
प्रखंडवार शिविर की तिथियां भी निर्धारित की गई हैं, जिसके तहत जामताड़ा में 29 अप्रैल, करमाटांड़ में 6 मई, फतेहपुर में 8 मई, कुंडहित में 13 मई, नाला में 15 मई तथा नारायणपुर में 20 मई को कैंप लगाए जाएंगे।
इस अभियान से किसानों को सस्ती दर पर ऋण सुविधा उपलब्ध होने के साथ उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है।

