प्रशासन सख्त, रात 10 बजे बाद नहीं बजेगा डीजे
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
दुर्गापूजा के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आज सरायकेला अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने पर्व के दौरान सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने पर चर्चा की।
बैठक में डीजे संचालन को लेकर प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया कि रात 10 बजे के बाद डीजे नहीं बजाया जाएगा। पूजा समितियों को निर्धारित समय और ध्वनि सीमा का पालन करने को कहा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी या किसी भी प्रकार की अशांति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पंडालों में भीड़ नियंत्रण, जुलूस और विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। समितियों को निर्धारित मार्ग एवं नियमों का पालन करने की अपील की गई। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने तथा किसी संदिग्ध या भ्रामक सूचना की तत्काल पुलिस-प्रशासन को जानकारी देने को कहा। बैठक में एसडीपीओ, विभिन्न थाना प्रभारी समेत प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

