सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई, बर्मामाइंस में 17 दुकानें हटाईं
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के स्टार टॉकीज के समीप आशीर्वाद होटल के पीछे प्रशासन ने अभियान चलाकर करीब 17 दुकानों और अस्थायी निर्माणों को हटाकर जमीन अतिक्रमण मुक्त कराया।
अनुमंडल प्रशासन के निर्देश पर दंडाधिकारी, राजस्व अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। बताया गया कि संबंधित जमीन पर अतिक्रमण को लेकर टाटा स्टील की ओर से प्रशासन को आवेदन दिया गया था। इसके बाद अतिक्रमणवाद में पारित आदेश के आधार पर अतिक्रमणकारियों को पहले ही नोटिस देकर कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया था।

निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासनिक टीम ने मंगलवार को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। वहीं, साकची थाना क्षेत्र में भी विभिन्न अतिक्रमणवादों के तहत सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई निर्धारित की गई है।

