चांडिल अनुमंडल में महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, धूमधाम से हुआ शिव विवाह व भंडारा आयोजन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल। चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में महाशिवरात्रि पर्व धार्मिक उल्लास और भक्तिमय माहौल के बीच धूमधाम से मनाया गया। क्षेत्र के विभिन्न शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने लंबी कतारों में लगकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और रूद्राभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।

जयदा स्थित बूढ़ा बाबा शिव मंदिर में तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु लंबी लाइन में पंक्तिबद्ध नजर आए। वहीं चांडिल थाना परिसर स्थित शिव मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। चांडिल थाना प्रभारी द्वारा नए भवन में प्रवेश पूजा के साथ शिव विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूजा-अर्चना के बाद भंडारा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इधर चौका थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में भी महाशिवरात्रि पर विशेष आयोजन हुआ। चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार धर्मपत्नी के साथ पूजा में शामिल हुए। आयोजित शिव विवाह के उपरांत भंडारे में काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
वहीं ईचागढ़ थाना परिसर स्थित मारूति नंदन मनोकामना महादेव मंदिर में रविवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर रूद्राभिषेक, शिव बारात और शिव विवाह समेत कई धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। बनारस से आए पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ रुद्राभिषेक कराया गया। इस मौके पर ईचागढ़ थाना प्रभारी बजरंग महतो सपत्नी शामिल हुए।
कार्यक्रम में विधायक सविता महतो, समिति अध्यक्ष अरूण माझी, सचिव अनिल सिंह, कोषाध्यक्ष बासुदेव चटर्जी, उपाध्यक्ष छुटु घोष, उप कोषाध्यक्ष बनमाली रजक, झामुमो केन्द्रीय सदस्य काबलु महतो, विश्वनाथ उरांव समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समिति की ओर से विधायक एवं अन्य अतिथियों को अंगवस्त्र एवं पगड़ी देकर सम्मानित किया गया।
उद्घाटन के बाद बनारस के पंडित चन्द्रभान शास्त्री द्वारा रूद्राभिषेक अनुष्ठान संपन्न कराया गया। इसके बाद भूत-प्रेत के वेश में कलाकारों के साथ शिव बारात गाजे-बाजे के साथ जुलूस के रूप में पूरे टीकर गांव का भ्रमण करते हुए निकली। बारात के आगमन के बाद विधिवत शिव विवाह संपन्न कराया गया।
शिव बारात के दौरान हर-हर महादेव और जय बजरंगबली के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया। आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और देर शाम तक धार्मिक कार्यक्रम जारी रहा।

