नीमडीह में भीषण आगजनी, खलिहान में रखा पुआल जलकर राख एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान, अग्निशमन वाहन देर से पहुंचा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत लाकड़ी पंचायत के लाकड़ी गांव में शनिवार दोपहर भीषण आगजनी की घटना सामने आई। गांव निवासी जमशेद टुडू के घर के बगल स्थित खलिहान में रखे पुआल में अचानक आग लग गई, जिससे पूरा पुआल जलकर राख हो गया। इस घटना में करीब 1 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
घटना शनिवार दोपहर लगभग 12 बजे की है। आग लगते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने बिना किसी देरी के निजी स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पुआल पूरी तरह जल चुका था।
आग बुझाने में शंकर सिंह, अनिल कुमार टुडू, उमेश चंद्र टुडू, विक्रम सिंह, पुनु टुडू, मदन मांझी, सहराई सिंह, देवेन मांझी और बाबूजन मांझी समेत कई ग्रामीणों ने अहम भूमिका निभाई।
घटना की सूचना मिलने पर नीमडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी अंचल अधिकारी (सीओ) अभय द्विवेदी को दी गई। हालांकि, सीओ को सूचना देने के बावजूद अग्निशमन वाहन करीब दो घंटे की देरी से मौके पर पहुंचा, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब तक अग्निशमन विभाग की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची, तब तक पुआल पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।
इस संबंध में सीओ अभय द्विवेदी ने बताया कि आगजनी से हुई क्षति की जांच के लिए पंचायत के राजस्व कर्मचारी को भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

