स्वस्थ परिवार ही सशक्त समाज व राष्ट्र की नींव है : डॉ. स्वीटी सिन्हा
इंस्टीट्यूट फॉर एजुकेशन में दुर्गोत्सव पर ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ कार्यक्रम आयोजित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला : सरायकेला स्थित इंस्टीट्यूट फॉर एजुकेशन दुर्गोत्सव के शुभ अवसर पर मंगलवार को भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान का हिस्सा बना। अभियान की एक कड़ी के रूप में कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें कॉलेज की प्राचार्या डॉ. स्वीटी सिन्हा ने अपने सारगर्भित विचार रखे। उन्होंने कहा कि स्वस्थ परिवार ही सशक्त समाज व राष्ट्र की नींव है। अभियान के मूल विषयों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य परिवार कल्याण के प्रति जन-जन तक जागरूकता फैलाना है। इस क्रम में डॉ. स्वाटी सिन्हा ने समाज को स्वास्थ्य संरक्षण, महिलाओं की सशक्त भूमिका, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, मानसिक स्वास्थ्य और स्वस्वच्छता के प्रति जागरूकता लाने पर बल दिया। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सबों से अपने घर से लेकर पास-पड़ोस व समाज में लोगों में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के द्वितीय चरण में महिला सशक्तिकरण सत्र हुआ। इसमें प्राचार्या डॉ. सिन्हा ने महिलाओं की शिक्षा, आत्मनिर्भरता, रोजगार के अवसर तथा निर्णय लेने में उनकी भागीदारी पर विशेष बल दिया। कॉलेज में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों व बच्चों के स्वास्थ्य परिणामों में सुधार एवं टीकाकरण के प्रति जागरूकता लाना था। उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा चलाया जा रहा ‘स्वस्थ्य नारी, सशक्त परिवार’ अभियान एक देशव्यापी देशन स्वास्थ्य पहल है। इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आरंभ किया गया है। कार्यक्रम में कॉलेज के डॉ. ओम प्रकाश, डॉ. मिक्की कुमारी, डॉ. वंदना कुमारी, सुमन कुमारी, प्रियंका कुमारी, अंकिता प्रधान, माधुरी कुमारी, रश्मि शर्मा, अर्चना, अंकिता प्रधान समेत सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित थे।

