अमरावती. आंध्र प्रदेश के पलनाडू जिले में गुरुवार, 27 अगस्त की सुबह एक भयानक हादसा हुआ. चिलकलुरिपेट नेशनल हाईवे पर सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई. वहीं 10 लोग घायल हैं.
चिलकलुरिपेट नेशनल हाईवे पर एक प्राइवेट ट्रैवल बस और ऑटो-रिक्शा की टक्कर हुई. अभी तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, सभी मृतक चिलाकलुरिपेट मंडल के वेलुरु गांव के रहने वाले थे.
चिलकलुरिपेट नेशनल हाईवे पर हादसे में 7 की मौत
बताया जा रहा है कि ये लोग एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कोंडामंजुलुरु गए थे और ऑटो-रिक्शा से वेलुरु लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ. वहीं ट्रैवल बस विजयवाड़ा से तिरुपति की ओर जा रही थी. इस हादसे में घायल हुए लोगों में दो की हालत गंभीर है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आंध्र प्रदेश के परिवहन मंत्री मंदीपल्ली रामप्रसाद रेड्डी ने इस हादसे पर हैरानी और दुख जताया और कहा कि टक्कर में सात लोगों की मौत बेहद दुखद है. उन्होंने कहा कि यह दुख की बात है कि सड़क हादसों में कीमती जानें जा रही हैं.
हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए मंदीपल्ली रामप्रसाद रेड्डी ने कहा, सफर लोगों को उनकी मंजिल तक ले जाना चाहिए, न कि उनकी आखिरी मंजिल तक. रामप्रसाद रेड्डी ने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए. उन्होंने ट्रांसपोर्ट अधिकारियों को हादसे वाली जगह पर हालात सामान्य करने के लिए भी कदम उठाने को कहा. परिवहन मंत्री ने सभी लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करते हुए सावधानी से यात्रा करने की अपील की.

