जमशेदपुर में खुले सेप्टिक टैंक में गिरने से 5 वर्षीय मासूम की मौत, विधायक पूर्णिमा साहू ने मौके पर जांच और राहत सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बिरसानगर थाना क्षेत्र के मोहरदा, आस्था ट्विन सिटी में शनिवार को 5 वर्षीय आदर्श कुमार खेलते समय खुले सेप्टिक टैंक में गिरकर मृत्यु हो गया। आदर्श कुमरुम बस्ती के मजदूर तपन कुंभकार का पुत्र था।
घटना की जानकारी मिलते ही जमशेदपुर पूर्वी विधायक पूर्णिमा साहू रविवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचीं और थाना प्रभारी, जिला परिषद सहायक अभियंता और उप विकास आयुक्त (डीडीसी) से जांच और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। डीडीसी के निर्देश पर सहायक अभियंता ने मौके पर निरीक्षण किया।
विधायक पूर्णिमा साहू ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग और न्याय दिलाने का भरोसा दिया और प्रशासन से सभी खुले सेप्टिक टैंकों को तुरंत ढकने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सख्त सुरक्षा इंतजाम करने का आग्रह किया।
साथ ही उन्होंने बिरसानगर, गाढ़ाबासा और नामदा बस्ती क्षेत्रों में जाकर शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात की और सांत्वना दी। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

