रामगढ़ हादसे में 14 लोगों की मौत पर सांसद विद्युत वरण महतो ने जताया शोक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रामगढ़ में हुए भीषण सड़क हादसे में 14 लोगों की मौत की खबर से जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो मर्माहत हैं। उन्होंने दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
सांसद ने कहा कि रामगढ़ में हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत हृदयविदारक है। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में लोगों की असमय मृत्यु की खबर से मन व्यथित है। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के लिए यह अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि इस दुखद घड़ी में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। दुर्घटना में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उन्होंने सड़क सुरक्षा के प्रति सतर्कता एवं यातायात नियमों के पालन को आवश्यक बताया।
सांसद ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि बेहद चिंताजनक है। वाहन चालकों को सावधानी बरतने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का जिम्मेदारीपूर्वक पालन करने की आवश्यकता है, ताकि ऐसी दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।
