सोनारी एलआईसी कॉलोनी में जल-मल निकासी का संकट, 50 परिवारों का घरों में घुट रहा दम
तीन साल से तैयार सीवरेज-ड्रेनेज सिस्टम चालू नहीं, बदबू और जलजमाव से लोग परेशान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सोनारी एलआईसी कॉलोनी में जल-मल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से लगभग 50 परिवार नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों ने पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को मौके पर बुलाकर अपनी परेशानी से अवगत कराया। लोगों ने बताया कि वर्षों से घरों में बने सोकपीट के सहारे जल-मल का निस्तारण हो रहा था, लेकिन पुराने सोकपीट अब गंदे पानी को सोख नहीं पा रहे हैं। इससे घरों में गंदगी और बदबू फैल रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, टाटा स्टील के पदाधिकारियों से संपर्क कर कॉलोनी में सीवरेज-ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण कराया गया था। निकास के अंतिम छोर पर ट्रीटमेंट प्लांट भी बनाया गया है, लेकिन करीब तीन साल बीतने के बावजूद इसे चालू नहीं किया गया। करोड़ों रुपये की लागत से बना सिस्टम धीरे-धीरे क्षतिग्रस्त हो रहा है और लोगों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है।
लोगों ने बताया कि हल्की बारिश में भी घरों के कमरों में गंदा पानी भर जाता है, जिससे जीवन दुश्वार हो गया है। विकास सिंह ने आश्वासन दिया कि मामले की जानकारी टाटा स्टील के वरीय अधिकारियों और पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को देकर जल्द समाधान कराने का प्रयास करेंगे।
मौके पर विकास सिंह, राहुल भट्टाचार्जी, अशोक जोशी, कृष्णा झा, राजेश भट्टाचार्जी, बरुन झा, अंजना साहा, अपर्णा चक्रवर्ती, रत्न भट्टाचार्जी, अपर्णा दत्त, रीता देवी सहित अन्य मोहल्लेवासी उपस्थित थे。

