जमशेदपुर लिटरेचर फेस्टिवल में दो हिंदी साहित्यिक कृतियों का होगा विमोचन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। विद्यादीप फाउंडेशन के तत्वावधान में 18 से 20 दिसंबर 2026 तक होटल रमाडा, बिष्टुपुर में आयोजित होने वाले जमशेदपुर लिटरेचर फेस्टिवल 2.0 में दो महत्वपूर्ण हिंदी साहित्यिक कृतियों का विमोचन किया जाएगा। पुस्तक विमोचन समारोह 19 दिसंबर को दोपहर 2:30 बजे आयोजित होगा।
समारोह के संयोजक एवं सिंहभूम जिला हिन्दी साहित्य सम्मेलन (तुलसी भवन) के मानद महासचिव प्रसेनजीत तिवारी ने बताया कि इस अवसर पर अरविंद यादव की कथा-कृति ‘जुदा हो के भी…’ और वरिष्ठ पत्रकार शमित सिन्हा के काव्य-संग्रह ‘एक पत्रकार की मौत’ का विमोचन होगा।
अरविंद यादव की 256 पृष्ठों की पुस्तक प्रेम, विरह, त्याग और मानवीय रिश्तों की संवेदनाओं पर आधारित है। वहीं, शमित सिन्हा की 104 पृष्ठों की काव्य-कृति पत्रकारिता के नैतिक संकट, सामाजिक विसंगतियों, राजनीति, स्त्री-सम्मान और समकालीन जीवन के विभिन्न पहलुओं को अभिव्यक्त करती है। शमित सिन्हा वर्तमान में जी मीडिया, नोएडा में एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं और उन्हें पत्रकारिता का करीब 25 वर्षों का अनुभव है।
प्रसेनजीत तिवारी ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य समकालीन साहित्यकारों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना, साहित्यिक संवाद को बढ़ावा देना और समाज में पठन संस्कृति को समृद्ध करना है।