सूकर को बचाने में अनियंत्रित होकर गिरी बाइक, तीन युवक घायल
*ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को पहुंचाया स्वास्थ्य केंद्र*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, बहरागोड़ा
बहरागोड़ा प्रखंड के धानघोरी सड़कडीह के समीप सड़क पर अचानक सूकर आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर चाकुलिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सूकर को बचाने के प्रयास में चालक संतुलन खो बैठा और बाइक सड़क पर गिर गई।
घायलों की पहचान माटिहाना निवासी सूरज मानकी (19), गोलापड़ासिया निवासी अमृत मुंडा (19) तथा बनकाटा निवासी राज कुमार सिंह (21) के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मानुषमुड़िया पहुंचाया। वहां स्वास्थ्यकर्मियों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। स्थिति सामान्य होने पर तीनों को घर भेज दिया गया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़कों पर खुलेआम विचरण करने वाले पशुओं से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ने पर चिंता जताई। उन्होंने प्रशासन से पशुओं के खुले विचरण पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की, ताकि ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।

