पोटका स्कूल चोरीकांड का खुलासा, तीन गिरफ्तार
*जामडीह उत्क्रमित विद्यालय में चोरी का मामला, वारदात में प्रयुक्त बाइक, छह बैटरी समेत सामान बरामद*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
पोटका के जामडीह स्थित उत्क्रमित विद्यालय में ताला तोड़कर बैटरी, स्टेबलाइजर और कंप्यूटर मॉनिटर चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी की छह बैटरी, एक स्टेबलाइजर, दो कंप्यूटर मॉनिटर तथा वारदात में प्रयुक्त काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर 2026 को विद्यालय में चोरी हुई थी। प्रभारी प्रधानाध्यापिका रीना मुर्मू की शिकायत पर पोटका थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुसाबनी डीएसपी के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कालिकापुर के ऊपरकुल्ही निवासी प्रवीर भक्त (22), दीपक केवट (25) और नरेश केवट (28) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने इससे पहले कोवाली थाना क्षेत्र के बालिका प्लस टू उच्च विद्यालय, भालकी से भी पांच कंप्यूटर सेट और आठ बैटरियां चोरी की थीं। उक्त सामान को कोवाली पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर बरामद कर लिया था।
छापेमारी दल में जादूगोड़ा अंचल निरीक्षक प्रवेश चंद्र सिन्हा, पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो, कुंदन कुमार वर्मा, साजन दुबे समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

