मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने कांग्रेस नेत्री एवं पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन की राज्यसभा चुनाव से संबंधित याचिका पर सुनवाई करते हुए तीन निर्वाचित राज्यसभा सांसदों पर जुर्माना लगाया है. जस्टिस बीपी शर्मा की एकलपीठ ने जवाब पेश करने में लगातार हो रही देरी पर तरुण चुग, रजनीश कुमार अग्रवाल और महेश केवट पर एक-एक हजार रुपये की कॉस्ट लगाई है. कोर्ट ने तीनों सांसदों को जवाब दाखिल करने के लिए अंतिम अवसर दिया है. मामले की अगली सुनवाई 11 दिसंबर को होगी.
नामांकन निरस्त होने के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंची थीं मीनाक्षी नटराजन
कांग्रेस नेत्री मीनाक्षी नटराजन ने मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य के लिए अपना नामांकन निरस्त किए जाने के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी है. याचिका में उन्होंने बताया कि तेलंगाना की एक अदालत में दायर परिवाद की सुनवाई के दौरान उनके खिलाफ नोटिस जारी किया गया था. इस मामले की जानकारी नामांकन पत्र में छिपाने का आरोप लगाते हुए चुनाव अधिकारी के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई गई थी. मीनाक्षी नटराजन का कहना है कि चुनाव अधिकारी के सामने अपना पक्ष रखने के बावजूद आपराधिक प्रकरण की जानकारी छिपाने के आधार पर उनका नामांकन निरस्त कर दिया गया.
पहले भी दिया जा चुका था अंतिम अवसर
याचिका में राज्यसभा के लिए निर्वाचित सांसद तरुण चुग, रजनीश कुमार अग्रवाल और महेश केवट के अलावा विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा को भी पक्षकार बनाया गया है. भारतीय निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को भी मामले में पक्षकार बनाया गया था. हालांकि, निर्वाचन आयोग की ओर से इन दोनों का नाम याचिका से हटाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया था. इससे पहले हुई सुनवाई में एकलपीठ ने निर्वाचित सांसदों को जवाब दाखिल करने के लिए अंतिम अवसर देते हुए चेतावनी दी थी कि इसके बाद समय नहीं दिया जाएगा. सांसदों की ओर से अधिवक्ताओं ने वकालतनामा भी पेश किया था.
शुक्रवार को हुई सुनवाई के दौरान सांसदों की ओर से उपस्थित अधिवक्ताओं ने जवाब दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा. कोर्ट ने इस आग्रह को स्वीकार करते हुए तीनों सांसदों पर एक-एक हजार रुपये की कॉस्ट लगाई और जवाब पेश करने का अंतिम अवसर प्रदान किया. याचिकाकर्ता मीनाक्षी नटराजन की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अजय गुप्ता तथा अनावेदक सांसदों की ओर से अधिवक्ता दीपक तिवारी और अन्य उपस्थित रहे.

