*पोटका विधायक पर आरोप लगाने वाले दो इंजीनियरों पर चलेगी विशेषाधिकार हनन की कार्रवाई*
*संजीव सरदार की शिकायत पर विधानसभा अध्यक्ष की स्वीकृति, विशेषाधिकार समिति को संदर्भित किए जाने की तैयारी*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, रांची
पोटका विधायक संजीव सरदार के खिलाफ मारपीट का कथित आरोप लगाने वाले सुवर्णरेखा नहर मंडल, चांडिल के दो अभियंताओं की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। कार्यपालक अभियंता शिवराम गागराई और सहायक अभियंता विजय तिर्की के विरुद्ध विशेषाधिकार हनन एवं सदन की अवमानना की कार्रवाई शुरू करने की स्वीकृति मिलने के बाद अब मामले में विधायी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। विधायक संजीव सरदार ने इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर दोनों अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की थी।
*ग्रामीणों की शिकायत पर अधिकारियों से मांगा था जवाब*
विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया था कि पोटका विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सुवर्णरेखा परियोजना की एलए-2021 योजना के क्रियान्वयन में अनियमितताओं और ग्रामीणों की गंभीर शिकायतें सामने आई थीं। इन समस्याओं को लेकर उन्होंने विभागीय अधिकारियों से जवाब-तलब किया था तथा योजना की निष्पक्ष जांच कराकर ग्रामीणों की शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करने की मांग की थी। इसी क्रम में संबंधित दोनों अधिकारियों की ओर से विधायक पर मारपीट करने का आरोप लगाया गया।
*विधायक ने बताया था प्रतिष्ठा और विधायी गरिमा पर प्रहार*
संजीव सरदार ने अधिकारियों के आरोपों को निराधार एवं तथ्यहीन बताते हुए विधानसभा अध्यक्ष से कहा था कि जनहित के मुद्दे उठाना और विभागीय अधिकारियों से जवाबदेही मांगना निर्वाचित जनप्रतिनिधि का संवैधानिक एवं विधायी दायित्व है। ऐसे में ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर सवाल उठाने वाले विधायक पर इस तरह के आरोप लगाना उनकी प्रतिष्ठा, गरिमा और विधायी जिम्मेदारियों को प्रभावित करने वाला है।
*विशेषाधिकार समिति की भूमिका पर नजर*
विधायक ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों अधिकारियों के विरुद्ध विशेषाधिकार हनन एवं सदन की अवमानना के तहत कार्रवाई शुरू करने तथा प्रकरण को विधानसभा की विशेषाधिकार समिति को संदर्भित करने का आग्रह किया था। अब कार्रवाई की स्वीकृति के बाद संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आगे की प्रक्रिया का रास्ता खुल गया है। मामले में अधिकारियों का पक्ष और विशेषाधिकार समिति के समक्ष होने वाली कार्यवाही महत्वपूर्ण होगी।

