जामडीह फ्लाईओवर पर छठा हादसा, सिम विक्रेता गंभीर रूप से घायल
*सुरक्षा इंतजाम नदारद, उद्घाटन के समय किए गए दावे धरातल पर नहीं उतरे*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
नीमडीह थाना क्षेत्र के जामडीह रेलवे फ्लाईओवर पर गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे फिर सड़क हादसा हुआ। इसमें चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी निवासी मोबाइल सिम विक्रेता गौरव लायक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर ले गए।
फ्लाईओवर पर लगातार हादसों के बावजूद सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। उद्घाटन के समय केंद्रीय मंत्री संजय सेठ की मौजूदगी में जिला प्रशासन और एनएचएआई-18 के अधिकारियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर किए गए प्रयासों की चर्चा हुई थी। वे आश्वासन अब तक धरातल पर नहीं उतरे।
ग्रामीणों ने फ्लाईओवर पर वाहनों की गति नियंत्रित करने, यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल लागू करने की मांग की है।

