*नरवा पुलिया पर जाली लगाने की मांग*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
जिला मुखिया संघ की महामंत्री सह डोमजूड़ी पंचायत की मुखिया अनिता मुर्मू ने यूसिल प्रबंधन से नरवा पुलिया के दोनों ओर सुरक्षा जाली लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पुलिया आत्महत्या की घटनाओं का केंद्र बनती जा रही है। आए दिन यहां इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं।
उन्होंने बताया कि गत सोमवार को मुसाबनी निवासी एक व्यक्ति ने पुलिया से छलांग लगा दी, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। अगले दिन जादूगोड़ा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अनिता मुर्मू के अनुसार, पुलिया पर जाली लगाने के लिए वह पूर्व में भी कई बार यूसिल प्रबंधन को पत्र लिख चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई पहल नहीं हुई है।

