लोयोला प्रिंसिपल की भावुक अपील, छात्रों की सुरक्षा साझी जिम्मेवारी
छुट्टी समय वन वे हुआ गोल्फ कोर्स बेल्डीह क्लब रोड
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। लोयोला स्कूल बिस्टुपुर के प्रिंसिपल फादर विनोद फर्नांडीज ने शहर वासियों से छुट्टी के समय एक घंटे के दौरान होने वाली असुविधा की अनदेखी कर छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की भावुक अपील की है। उनके अनुसार
स्कूल की छुट्टी के समय बेल्डीह क्लब से गोल्फ कोर्स रोड वन वे कर दिया गया है। भारी यातायात जाम तथा सड़क पार करने और स्कूल परिसर से बाहर निकलने वाले बच्चों के लिए खतरा पैदा होता रहा है। कई दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं और बाल-बाल बचने की स्थितियां सामने आई हैं। इसे ध्यान में रखकर टीएसयूआईएसएल (जुस्को) एवं यातायात पुलिस के साथ मिलकर लोयोला प्रबंधन ने छुट्टी के समय दोपहर एक बजे से दो बजे तक के लिए ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम शुरू किया है। इस सिस्टम के तहत बेलडीह क्लब और गोल्फ कोर्स के बीच की सड़क को एक घंटा अवरुद्ध अर्थात वन वे करके यातायात को नियंत्रित करना और स्कूल परिसर के आसपास वाहनों की आवाजाही को सुव्यवस्थित करना है।
हालांकि देखा जा रहा है कि इक्का दुक्का वाहन चालक यातायात निर्देशों और निर्धारित मार्गों की अवहेलना कर बच्चों के जीवन को खतरे में डाल रहे हैं।
प्रिंसिपल ने उन लोगों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है, जो बच्चों की सुरक्षा के व्यापक हित में इन उपायों का समर्थन कर रहे हैं।
प्रिंसिपल के अनुसार लोयोला की इस पहल का अनुसरण अन्य शैक्षणिक संस्थान और स्कूल प्रबंधन द्वारा नागरिकों के सहयोग से किया जाना चाहिए। हर बच्चे के लिए शहर को सुरक्षित बनाने की साझा प्रयास होना चाहिए।

