रिम्स जमीन घोटाला: पूर्व एलआरडीसी मनोज कुमार रंजन के मानगो आवास पर एसीबी की छापेमारी, कई दस्तावेज जब्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। रिम्स जमीन घोटाले की जांच के तहत एसीबी ने शुक्रवार को रांची सदर के तत्कालीन एलआरडीसी मनोज कुमार रंजन के मानगो स्थित आवास पर छापेमारी की। डीएसपी इंद्रदेव राम के नेतृत्व में सुबह करीब 9:30 बजे पांच वाहनों से पहुंची टीम ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सन सिटी कॉलोनी स्थित बंगला नंबर 173 का ताला कटवाकर तलाशी ली।
इस दौरान अलमारी का लॉक नहीं खुलने पर मिस्त्री बुलाकर उसे कटवाया गया। घर के विभिन्न हिस्सों की जांच में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए। गौरतलब है कि रिम्स जमीन घोटाले में एसीबी अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इनमें पूर्व एलआरडीसी मनोज कुमार रंजन और तत्कालीन जिला अवर निबंधक अविनाश कुमार शामिल हैं। गुरुवार को बेरमो एसडीओ मनोज कुमार की भी गिरफ्तारी हुई थी। फिलहाल एसीबी जब्त दस्तावेजों की जांच कर रही है।