चक्रवाती तूफान का झारखंड तक असर, अगले दो दिनों तक बिगड़ा रहेगा मौसम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवन’ का असर झारखंड में भी दिखने लगा है। मौसम विभाग ने 20 नवंबर को दक्षिणी और मध्य झारखंड में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 19 से 23 नवंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 21 नवंबर को उत्तर-पूर्वी झारखंड में भारी बारिश, जबकि 22 और 23 नवंबर को भी कई इलाकों में बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

