
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : गालूडीह थाना क्षेत्र के पुटरू टोल प्लाजा के पास मंगलवार को एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो गया। हालांकि, कार में सवार सभी लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
मिली जानकारी के अनुसार, कार (नंबर JH05BB 6777) में सवार लोग जमशेदपुर लौट रहे थे। इसी दौरान पुटरू टोल प्लाजा के समीप अचानक कार से धुआं निकलने लगा। जब तक सवार कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। स्थिति को भांपते हुए सभी लोग तत्काल कार से बाहर निकल गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी प्रयास सफल नहीं हो सका। कुछ ही देर में पूरी कार आग के गोले में तब्दील हो गई और जलकर नष्ट हो गई।
दिनेश कुमार ने बताया कि वे लोग भाजपा की बैठक में शामिल होकर घाटशिला से जमशेदपुर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक कार में आग लग गई। समय रहते सभी के बाहर निकल जाने से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

