बेटे आयान के साथ हल्दीपोखर छठ घाट पहुंचे विधायक संजीव सरदार, भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर मांगा आशीर्वाद
व्रतियों से मिलकर दी छठ महापर्व की शुभकामनाएं, थानीय लोगों के आवास पर पहुंचकर ग्रहण किया प्रसाद
लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा एवं भक्तिभाव से संपन्न हो गया। इस अवसर पर पोटका विधायक संजीव सरदार अहले सुबह हल्दीपोखर स्थित छठ घाट पहुंचे। यहां उन्होंने अपने पुत्र आयान सरदार के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान विधायक ने छठ व्रतियों से मुलाकात कर उन्हें महापर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
*बेटे के साथ निभाई पर्व की परंपरा, व्रतियों से की मुलाकात*
छठ घाट पर विधायक संजीव सरदार ने श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की और व्रतियों का आशीर्वाद लिया। अपने पुत्र आयान सरदार के साथ घाट पर पहुंचकर उन्होंने पारिवारिक परंपरा और लोक आस्था के इस महापर्व में सहभागिता की। उन्होंने छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं से मिलकर पर्व की बधाई दी और सभी के सुखमय जीवन की कामना की।
*स्थानीय लोगों के घर पहुंचकर ग्रहण किया छठ का प्रसाद*
घाट पर पूजा-अर्चना के बाद विधायक समाजसेवी रतन सोनकर के आवास पहुंचे। इसके बाद उन्होंने स्थानीय निवासी अंजय सिंह तथा हाता प्रेमनगर निवासी ललित झा के घर जाकर छठ का प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात कर पर्व की शुभकामनाएं दीं। जनप्रतिनिधि के रूप में लोगों के बीच उनकी इस सहज सहभागिता से स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखने को मिला।
*छठ पर्व स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक एकता का संदेश देता है : संजीव सरदार*
इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और अटूट आस्था का प्रतीक है। भगवान सूर्य एवं छठी मैया की आराधना का यह पर्व हमें स्वच्छता, अनुशासन, त्याग, तपस्या और सामाजिक एकता का संदेश देता है। इस महापर्व की सबसे बड़ी विशेषता है कि समाज के सभी वर्गों के लोग आपसी भेदभाव भुलाकर एक साथ पर्व मनाते हैं। उन्होंने कामना की कि छठी मैया एवं भगवान सूर्य सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली प्रदान करें।