
लेखक: नितेश सिंह राजपूत
बखरी-बेगूसराय। आस्था, संयम और सूर्य उपासना के प्रतीक चार दिवसीय लोक महापर्व छठ का सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही विधिवत समापन हो गया। सूर्य की पहली किरण पड़ते ही घाटों पर जयकारे गूंज उठे और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
सुबह से ही बखरी सहित जिले के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। व्रतियों ने घुटने भर पानी में खड़े होकर भगवान भास्कर को दूध, गंगाजल और पवित्र जल से अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु, आरोग्य और शांति की कामना की।
अंतिम दिन भोर होते ही व्रती सूप-दउरा लेकर घाटों की ओर चल पड़े। छठी मैया के पारंपरिक गीतों, सोहर और सूर्य देव की जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। महिलाओं के पीले सिंदूर, रंग-बिरंगे परिधान और हाथों में ठेकुआ-फल से भरे सूप ने घाटों की छटा और बढ़ा दी।
चार दिनों तक व्रतियों ने कठिन साधना की। नहाय-खाय से शुरू हुआ पर्व खरना के बाद 36 घंटे के निर्जला उपवास में बदल गया। तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया गया और चौथे दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन हुआ। इसके बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर पारण किया और एक-दूसरे को प्रसाद बांटा।
छठ की सबसे बड़ी विशेषता इसकी समरसता है। घाट पर न कोई छोटा था, न कोई बड़ा। सभी ने मिलकर घाटों की सफाई, सजावट और व्यवस्था में हाथ बंटाया। इस महापर्व ने एक बार फिर सामाजिक एकता, स्वच्छता और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश दिया।

