
डायन बताकर 59 वर्षीय महिला की पीट-पीटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
बेटे की मौत के बाद महिला पर लगाया था डायन होने का आरोप, लाठी-डंडे और टांगी से किया था जानलेवा हमला
गिरिडीह। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बासाबुदा गांव में अंधविश्वास के चलते एक 59 वर्षीय महिला की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गांव के ही शिवलाल मुर्मू (48) और उसकी पत्नी बड़की देवी (43) के रूप में हुई है। वहीं, मृतका के देवर मोतीलाल मुर्मू समेत परिवार के अन्य सदस्यों को भी इस मामले में नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 14 नवंबर की सुबह करीब छह से सात बजे के बीच की है। बताया जाता है कि मोतीलाल मुर्मू का बेटा पिछले कई दिनों से बीमार चल रहा था। बेहतर इलाज के लिए उसे रांची स्थित रिम्स में भर्ती कराया गया था, जहां 13 नवंबर की रात उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत के बाद परिजनों ने इसका जिम्मेदार मृतका को ठहराते हुए उस पर डायन होने का आरोप लगाया।
इसी अंधविश्वास में अगले दिन सुबह परिजनों ने महिला पर लाठी-डंडे और टांगी से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
मामले को लेकर मृतका के पति लखीराम मुर्मू के फर्दबयान पर मुफ्फसिल थाना में कांड संख्या 330/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने हत्या और डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी करते हुए दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
इस कार्रवाई में मुफ्फसिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

