
पोटका में चोरों का आतंक: घर से सात लाख नकद समेत 15 लाख के जेवरात चोरी, परिवार को कमरे में बंद कर हुए फरार
खिड़की तोड़कर घर में घुसे बदमाशों ने गोदरेज अलमारी खंगाली, बाहर से दरवाजा बंद कर दिया; घटना से गांव में दहशत
पोटका: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र के पोटका पंचायत अंतर्गत बड़ा भूमरी गांव में रविवार की देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर खिड़की तोड़कर घर में दाखिल हुए और सात लाख रुपये नकद समेत करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। वारदात के दौरान बदमाशों ने घर के दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया, ताकि परिवार के सदस्य बाहर न निकल सकें। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
घटना के संबंध में पीड़ित देवरंजन मंडल और उनके भाई नयन मंडल ने बताया कि रविवार की रात परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। उनकी मां छठ पर्व मनाने के लिए अपनी बेटी के घर लक्ष्मीनगर गई हुई थीं। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घर की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और उनकी मां के कमरे में रखी गोदरेज अलमारी को निशाना बनाया। बदमाशों ने अलमारी में रखे कीमती सामान को खंगालते हुए नकदी और आभूषण समेट लिए।
चोरों ने अलमारी में रखे सात लाख रुपये नकद, सोने के दो हार, दो चेन, दो जोड़ी कान की बालियां, एक अंगूठी और चांदी के आठ सिक्कों समेत अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। परिजनों के मुताबिक, रात करीब दो बजे उनकी बहन की नींद खुली तो उन्होंने पाया कि घर का दरवाजा बाहर से बंद है। इसके बाद उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया। किसी तरह बाहर निकलने की कोशिश के दौरान मां के कमरे में सामान बिखरा देखकर चोरी की जानकारी मिली।
घटना की सूचना मिलते ही पोटका थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस आसपास के इलाकों में चोरों के संभावित ठिकानों और घटना से जुड़े सुरागों की तलाश कर रही है।
इधर, जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल और मुखिया पानो सरदार ने घटना पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से चोरी की वारदात का जल्द खुलासा करने और इसमें शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है।

