
चतरा एसपी अनिमेष नैथानी की सख्ती से वन भूमि पर अफीम की खेती का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
रिपोर्ट निजाम खान
चतरा: जिले में नशे के अवैध कारोबार और अफीम की खेती के खिलाफ चतरा पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर पुलिस ने लावालौंग थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए वन भूमि पर की जा रही अवैध पोस्ता की खेती का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
14 नवंबर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिमरिया के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने ग्राम साम्भे, टोला पिपराडीह स्थित बुधुआ नाला के किनारे छापेमारी की। यहां वन भूमि पर करीब 10 डिसमिल जमीन पर जंगल की कटाई कर अफीम की खेती की तैयारी की जा रही थी। पुलिस ने मौके से 500 ग्राम पोस्ता बीज बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेश गंझू उर्फ महेंद्र गंझू और केश्वर गंझू, दोनों निवासी पिपराडीह के रूप में हुई है।
इस मामले में लावालौंग थाना कांड संख्या 87/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 18/28/29 और वन अधिनियम की धारा 33 के तहत कार्रवाई की गई है।
एसपी अनिमेष नैथानी के नेतृत्व में नशे के अवैध कारोबार और वन भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस की यह कार्रवाई सराहनीय है। इससे अवैध अफीम की खेती करने वालों में स्पष्ट संदेश गया है कि कानून से बचना आसान नहीं होगा।

