
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। छठ महापर्व के मद्देनजर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सुरक्षा, स्वच्छता और आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की है। जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में श्रद्धालुओं को निर्धारित एवं सुरक्षित घाटों पर ही अर्घ्य अर्पित करने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने विशेष रूप से डिमना लेक में सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा है कि किनारे से आगे बढ़ने पर असामान्य ढलान और अधिक गहराई है। श्रद्धालु खतरे के निशान से आगे न जाएं और घाटों पर लगाए गए बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा घेरा पार न करें। गहरे पानी में उतरने या तैरने का प्रयास भी नहीं करें।
प्रशासन ने घाटों पर पटाखों के प्रयोग को प्रतिबंधित करते हुए चेतावनी दी है कि ऐसा करते पकड़े जाने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। श्रद्धालुओं से धक्का-मुक्की और अनावश्यक भीड़ से बचने, पहले आओ-पहले पाओ के सिद्धांत का पालन करने तथा अर्घ्य दे चुके व्रतियों से अन्य श्रद्धालुओं के लिए जगह छोड़ने की अपील की गई है।
इसके अलावा घाटों एवं जलाशयों में प्लास्टिक, कचरा और पूजन सामग्री नहीं फेंकने, बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने तथा वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा करने का निर्देश दिया गया है। किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल मौके पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक कर्मियों को देने की अपील की गई है।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से घाटों पर तैनात दंडाधिकारियों, पुलिस बल एवं स्वयंसेवकों के निर्देशों का पालन करने और आपसी सहयोग से छठ महापर्व को सुरक्षित, स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग देने की अपील की है।

