
छठ की तैयारियों से गुलजार हुए जादूगोड़ा-नरवा के बाजार
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जादूगोड़ा
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जादूगोड़ा और नरवा पहाड़ क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को बाजारों में सूप सहित पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। घरों में भी छठ की तैयारियां शुरू हो गई हैं। व्रती पारंपरिक प्रसाद ठेकुआ बनाने के लिए पूरी नेम-निष्ठा से गेहूं साफ करने, धोने और सुखाने में जुटे हैं।
शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत शुभारंभ होगा। शनिवार को खरना के बाद रविवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। सोमवार की सुबह उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ पर्व का समापन होगा।
जादूगोड़ा के ईंटा-भट्ठा क्षेत्र, यूसिल कॉलोनी, राखा कॉपर नदी घाट तथा नरवा पहाड़ के गुरा नदी घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य देते हैं। पर्व को लेकर इन घाटों पर भी तैयारियां की जा रही हैं।

