
बांदना पर्व पर रामजीवनपुर की महिलाओं को मिलीं 250 साड़ियां
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
बांदना पर्व के अवसर पर दुगधा पंचायत के रामजीवनपुर गांव में बीके स्टील कंपनी की ओर से महिलाओं के बीच 250 साड़ियों का वितरण किया गया। पंचायत के उपमुखिया दिलीप महतो की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में साड़ी पाकर महिलाओं के चेहरे खिल उठे। ग्रामीणों ने कंपनी की इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्व की खुशियों में सहभागी बनने वाला प्रयास बताया।
इस अवसर पर कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट विशाल विलासराव यादव ने कहा कि आसपास के गांवों में सीएसआर के तहत सामाजिक कल्याण के कार्यक्रम चलाए जाते हैं। दुगधा पंचायत की महिलाओं के उत्थान और ग्रामीण विकास के लिए आगे भी ऐसी पहल जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में कंपनी के एचआर हेड दीपक रंजन, लक्ष्मण झा, राजेश दत्ता, उपमुखिया दिलीप महतो, ग्राम प्रधान हरिहर महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

