
डोबो-कपाली के दो होटलों में गंदगी, एक्सपायरी पापड़ नष्ट
*खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में मिलीं अनियमितताएं, संचालकों को सुधार का निर्देश*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
पूजा और त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को देव होटल और पांडेय होटल का औचक निरीक्षण किया। जांच में दोनों होटलों में साफ-सफाई की कमी तथा रसोईघर और फ्रीज-फ्रीजर की समुचित सफाई नहीं होने की बात सामने आई। बिना वैध लाइसेंस के कश्मीरी मिर्च पाउडर और अन्य मसाले भी पाए गए। पांडेय होटल में एक्सपायरी पापड़ मिलने पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी की मौजूदगी में उसे नष्ट कराया गया।
टीम ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, भंडारण, संचालकों और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, मेडिकल फिटनेस रिकॉर्ड तथा पेयजल की जांच रिपोर्ट भी देखी। होटल संचालकों को कमियां तत्काल दूर करने, खाद्य सामग्री की खरीद और भंडारण के अभिलेख रखने तथा लाइसेंस एवं पंजीकरण प्रमाणपत्र परिसर में प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी और औचक जांच अभियान जारी रहेगा।

